कासगंज। ई-डिस्ट्रिक्ट के माध्यम से ऑनलाइन प्रमाण पत्रों के आवेदनों के निस्तारण में जनपद प्रदेश में प्रथम रहा है। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से दी जा रही सेवाओं में अव्वल रहने पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने संबंधित सभी अधिकारियों व कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए बधाई दी है।
ई-डिस्ट्रिक्ट शासन की प्राथमिकता वाली योजना है जिसके माध्यम से जनसामान्य को अपने विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्राप्त होते हैं। जनसामान्य के कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए ऑनलाइन प्रमाणपत्रों के समय से जारी करने के लिए शासन में विभिन्न स्तर से लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जाती है। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कासगंज अंशुल माहेश्वरी ने बताया कि जनपद में अगस्त माह में कुल 20792 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 20251 आवेदनों को निस्तारित किया जा चुका है। शेष आवेदन माह के अंतिम दिनों में प्राप्त हुए हैं, जो अभी जांच की प्रक्रिया में हैं। ऑनलाइन आवेदनों के निस्तारण में 97.40 फीसदी निस्तारण के साथ जनपद को प्रदेश में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम व अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार पटेल ने ऑनलाइन निस्तारण के कार्य में लगे सभी अधिकारियों व कर्मियों को शुभकामनाएं दी हैं।