कासगंज। जिले को 1261 मीट्रिक टन डीएपी की आपूर्ति मिल गई है। सहकारिता विभाग ने इसे समितियों को भेजना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही यूरिया भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों को काफी राहत मिलेगी। गेहूं व मटर की फसल की बुवाई करने के लिए किसान डीएपी की आपूर्ति मिलने का इंतजार कर रहे थे। शासन से भेजी गई डीएपी की रैक में से 1261 मीट्रिक टन खाद सहकारिता विभाग को उपलब्ध हो गई। इस खाद के आ जाने के बाद विभाग ने इसे सहकारी समितियों को उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है। एआर कोआपरेटिव बीके मिश्रा ने बताया कि अब तक 600 मीट्रिक टन डीएपी सहकारी समितियों को भेजी गई है। इसके साथ ही स्टॉक में से यूरिया भी समितियों को भेजी गई है। किसान आवश्यकता के अनुसार ही समितियों से खाद खरीदें। खाद का स्टॉक न करें। खाद की कोई कमी नहीं है।
पवन कुमार
पवन कुमार