कासगंज। जिलाधिकारी सुधा वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आधार कार्ड बनाने पर अवैध वसूली नहीं की जाए। शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने की कम प्रगति होने पर नाराजगी व्यक्त की।जिलाधिकारी ने कहा कि निरंतर मानीटरिंग के साथ योजना का क्रियान्वयन गंभीरता के साथ करके इसे सफलतापूर्वक संचालित किया जाए। समस्त वंचित परिवारों को योजनाओं से लाभान्वित कराने के लिए लाभार्थियों का आधार प्रमाणीकरण अवश्य कराया जाए। बैठक में बताया गया कि फैमिली आईडी-एक परिवार एक पहचान योजना के अंतर्गत ऐसे परिवार जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से आच्छादित नहीं हैं एवं जो परिवार राशन कार्ड के पात्र नहीं हैं, उन्हें सरकार द्वारा फैमिली आईडी उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था की गई है। ऐसे परिवारों को फैमिली आईडी पोर्टल के माध्यम से फैमिली आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। जो परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर रहे हैं, वे स्वेच्छा से ऑनलाइन आवेदन कर फैमिली आईडी प्राप्त कर सकते हैं।