कासगंज। जिले के करीब 100 ग्राम प्रधानों पर मिड-डे-मील की रिकवरी बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा निकाली गई है। ग्राम प्रधानों ने जिले के विधायकों के साथ इस संबंध में बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच जिला स्तरीय कमेटी गठित कर कराने की मांग की है। ग्राम प्रधानों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिस समय यह रिकवरी निकाली गई है उस समय प्रधानों का मिड-डे-मील से कोई लेना-देना नहीं था। एनजीओ के द्वारा मध्याह्न भोजन का वितरण किया जाता था।इस मामले को लेकर सदर विधायक देवेंद्र राजपूत एवं अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, प्रधान संघ के अध्यक्ष राजवीर राना जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। प्रधान संघ अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2009 एवं 2010 में एनजीओ के द्वारा मध्याह्न भोजन विद्यालय के बच्चों को बांटा जा रहा था। करीब 100 प्रधानों की ग्राम पंचायतों में यह व्यवस्था लागू थी। इसकी रिकवरी गलत तरीके से जिला बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा भेजी गई है। जबकि ग्राम प्रधानों का इससे कोई लेना-देना नहीं है। कन्वर्जन कॉस्ट के खाते का संचालन प्रधान व सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से होता था। इसमें किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है। प्रधानों ने कहा कि मामले की जांच जिला स्तर की टीम गठित की जाए एवं प्रधानों को भी शामिल किया जाए। जिससे सही स्थिति सामने आ सके। जिलाधिकारी ने प्रधानों को जांच कराने का भरोसा दिया।