कासगंज। बिलराम कस्बे में सोमवार की रात्रि को बीच सड़क पर कार खड़ी करने के कारण विवाद हो गया। कार सवारों ने कार सड़क से हटाने की कहने पर लोगों के साथ मारपीट कर दी। मामला बढ़ने पर लाठी-डंडे भी चले और पत्थर भी फेंके गए। इसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को चिकित्सालय ले जाया गया। ढोलना पुलिस ने चार कार सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटना पर सोमवार की देर शाम हुई। फैजान, मोनिस, चांदमियां और कमाल निवासीगण बिलराम कार से बाजार में आए थे। उन्होंने अपनी कार सड़क के बीचों बीच खड़ी कर दी। कार बीच सड़क पर खड़ी होने के कारण रास्ता अवरोध हो रहा था। तभी इरशाद ने बीच सड़क से कार हटाने को कहा। इसी बात पर युवकों ने कार हटाने से मना कर दिया और इरशाद की पिटाई शुरू कर दी।
इरशाद का बचाव करने अमन पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। जब दोनों लोग घायल हो गए तो अन्य लोग भी झगड़े की सूचना पर पहुंच गए। आरोपी फरार हो गए। इरशाद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर ढोलना अनिल कुमार दोहरे ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।