बरसाना में लठामार होली को लेकर बैठक करते स्थानीय लोग
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में बरसाना की लठामार होली को लेकर स्थानीय लोगों और गोस्वामी समाज में विवाद पैदा हो रहा है। इसके चलते एक ओर जहां गोस्वामी समाज होली के बहिष्कार की बात कर रहा है, वहीं स्थानीय लोगों की मांग है कि लठामार होली का विस्तार किया जाए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ज्ञात रहे कस्बे के पद्म फौजी ने कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर लठामार होली को लेकर पर्चा पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने होली के विस्तार के लिए और अष्टसखी गांवों की महिलाओं को होली खिलाने की बात कही। पद्म फौजी ने थाने में तहरीर दी कि 2020 में नंदगांव की लठामार होली के दौरान उनके साथ तथा स्थानीय लोगों के साथ मारपीट हुई थी। यह सब बरसाना के गोस्वामी समाज के इशारे पर हुआ था। पूरे प्रकरण को लेकर गोस्वामी समाज ने लाडली मंदिर में बैठक कर फौजी पर कार्रवाई की मांग की। गोस्वामी समाज ने बैठक के दौरान फौजी पर कार्रवाई न होने पर प्रशासन को धमकी दी कि वे होली का बहिष्कार करेंगे।
खतरे में डाली लोगों की जिंदगी: फिरोजाबाद में युवक ने कार की छत पर दिखाए करतब, पुलिस ने काटा चालान
गुरुवार को ऊंचागांव स्थित श्रील नारायण भट्ट की समाधि स्थल पर पद्म फौजी ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान फौजी ने गोस्वामी समाज पर तमाम आरोप लगाए। पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने कहा कि नंदगांव की लठामार होली की परंपरा कृष्णकाल से चली आ रही है। इस परंपरा को बरसाना व नंदगांव के लोग बड़े प्रेम के साथ निभाते चले आ रहे है। पिछले वर्ष नंदगांव की लठामार होली के दौरान सेवायत समाज एवं सामाजिक संस्था से जुड़े लोगों के बीच होली खेलने को लेकर विवाद हो गया था। अब यही लोग एक-दूसरे को नीचा दिखाने के चक्कर में लठामार होली को विवादित बनाना चाहते हैं। शासन-प्रशासन ऐसे लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करे। बैठक में हरिओम ठाकुर, सुंदर, धर्मवीर परमार, बंटी, कन्हैया, राजेश, राधारमन, रवि, गौरव, विजेंद्र, ओमप्रकाश, राहुल, सागर आदि मौजूद थे।