सोरोजी के गांव तुमरिया में जमीन पर कब्जे का विरोध करते भाकियू स्वराज कार्यकर्ता ।
कासगंज। सोरोंजी क्षेत्र के गांव तुमरिया में जमीन की पैमाइश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। जमीन पर कब्जे के विरोध में भाकियू स्वराज कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। फायरिंग किए जाने की भी चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सोरोंजी के गांव तुमरिया में एसडीएम सदर संजीव कुमार के निर्देश पर राजस्व टीम जमीन की पैमाइश करने गई थी। इसी दौरान महिला रूपवती ने पैमाइश का विरोध किया। महिला के विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। विवाद की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन स्वराज के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राजस्व टीम पर गलत तरीके से जमीन की पैमाइश करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विवाद और हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसान यूनियन के लोगों ने पुलिस के सामने आक्रोश जताया। जमीन की पैमाइश करा रहे लोगों पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। रूपवती की ओर से सोरोंजी कोतवाली में दूसरे पक्ष के कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इसमें दूसरे पक्ष पर अवैध कब्जा, जानलेवा हमला और फायरिंग के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हुआ है। चार लोग को मामूली चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है।