छुट्टा मवेशी को लेकर महुआशाला में हुई पंचायत, खुद रोकने का लिया फैसला
बाह। छुट्टा मवेशी द्वारा आलू, गेंहू और सरसों की फसल उजाड़ी जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर छुट्टा मवेशी से मुक्ति दिलाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। लगातार हो रहे नुकसान से निराश महुआशाला गांव के ग्रामीण एवं किसानों ने पंचायत में निर्णय लिया कि जिन परिवारों के छुट्टा मवेशी घूम रहे हैं, उन्हें समय रहते बांधना होगा। प्रधान पप्पू यादव, पूर्व प्रधान उम्मेद सिंह यादव, कुली यादव, कुलदीप, मायाराम, विवेक, प्रेमपाल, घनश्याम आदि ने बताया पंचायत में छुट्टा मवेशी की समस्या पर विचार किया गया। समाधान के लिए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि छुट्टा मवेशी को पहले गांव में अपने खूंटे पर बांधा जाएगा, दूसरे गांव के लोगों को भी बांधने के लिए जागरूक किया जाएगा। जिससे फसलों को नुकसान न हो।