कासगंज। लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए एनआईसी सभाकक्ष में मतदान कार्मिकों का प्रथम रैंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सुधा वर्मा ने मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए कि चुनाव व्यवस्थित और सकुशल ढंग से कराने के लिए प्रशिक्षण अवश्य प्राप्त करें। अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि मतदान कराने के लिए कुल 5564 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। जिसमें 1391 पीठासीन अधिकारी, 1391 प्रथम मतदान अधिकारी, 1527 द्वितीय मतदान अधिकारी एवं शेष तृतीय मतदान अधिकारियों को प्रथम प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी मतदान कार्मिकों को श्री गणेश इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रभारी निर्वाचन कार्मिक एवं सीडीओ सचिन ने सभी कार्यालय अध्यक्षों को निर्देश दिए कि विकास भवन सभागार से अपने अधीनस्थ अधिकारी, कर्मचारियों की निर्वाचन ड्यूटियां अनिवार्य रूप से यथाशीघ्र प्राप्त करा लें।