मैनपुरी। डीएवी इंटर कॉलेज घिरोर में फर्जी नियुक्ति की जांच की पिछले तीन साल से मांग कर रहे शहर के मोहल्ला आवास विकास निवासी राजऋषि शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय के बाहर बेटे-बेटी संग धरने पर बैठ गए। आरोप है कि विभाग ने फर्जीवाड़े की जांच न करते हुए उनके विरुद्ध ही कार्रवाई के आदेश दे डाले हैं। जब तक विभाग यह आदेश वापस नहीं लेता वह धरना जारी रखेंगे।
शुक्रवार को राजऋषि अपने पुत्र आदर्श प्रताप चौहान और पुत्री शान्या चौहान के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्यालय प्रांगण में जमीन पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। राजऋषि ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक ने पांच सितंबर को उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश प्रबंधक और प्रधानाचार्य को दे दिए जबकि उनके द्वारा दिए गए साक्ष्यों के आधार पर आज तक विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की जांच नहीं कराई गई। विभाग जांच करने के बजाय उस पर ही कार्रवाई करा रहा है। अब यह धरना तब तक जारी रहेगा जब तक मामले का निस्तारण नहीं कर दिया जाता।
राजऋषि की शिकायत पर जांच कराई जा चुकी है। जो भी साक्ष्य उनके द्वारा मांगे गए थे वो दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने हाल ही में कुछ और जांच अभिलेख मांगे हैं वो भी दो एक दिन में दे दिए जाएंगे। यह बात उन्हें बता दी गई थी लेकिन वे इसके बाद भी लगातार उनके कार्यालय पर चक्कर काट रहे हैं।
- मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक मैनपुरी