कासगंज। पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ ने शनिवार को पुलिस लाइन में ग्राम प्रहरियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने इस गोष्ठी के दौरान ग्राम प्रहरियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्राम प्रहरी कड़ाके की ठंड में अपने दायित्वों का निर्वहन अच्छी तरीके से करें। उन्होंने ठंड से बचने के लिए ग्राम प्रहरियों को जैकेट वितरित किया। इसके पश्चात महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए पिंक पुलिस वैन, 22 कोबरा मोबाइल को झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सुविधा महिलाओं के साथ आम जनता के लिए होगी। कोबरा मोबाइल और पिंक वैन विभिन्न मार्गों, बाजारों, स्कूल, कॉलेजों आदि के पास भ्रमणशील रहेंगी।
पुलिस महानिरीक्षक शलभ माथुर ने बताया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और चुस्त दुरुस्त रखने के लिए यह नई व्यवस्था एसपी अपर्णा रजत कौशिक के द्वारा शुरू कराई गई है। झंडी दिखाकर पिंक वैन व कोबरा मोबाइल को रवाना किया गया। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने इस मौके पर कहा कि ऑपरेशन जागृति के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए यह पिंक वैन बनाई गई है। वहीं कोबरा मोबाइल पेट्रोलिंग बढ़ाने के उद्देश्य से रवाना की गई हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी की कानून व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें ठंड से बचाव के लिए जैकेट वितरित की गई हैं। जिले के सभी ग्राम प्रहरियों को जैकेट वितरित की गईं। इस दौरान सीओ अजीत चौहान, सीओ सहावर शाहिदा नसरीन, सीओ पटियाली विजय सिंह राणा, सभी इंस्पेक्टर मौजूद रहे।