कासगंज। जनपद में हाईस्कूल की 124000 लाख और इंटर की 90588 के मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया है। सोमवार को अंकेक्षण का कार्य हुआ। जिसमें जांची गई चार उत्तर पुस्तिकाओं और अंक स्लिप पर चढ़े अंकों में अंतर पाया गया। हालांकि बाद में उन्हें दुरुस्त करा दिया गया। परीक्षकों के पारिश्रमिक कटौती की कार्रवाई होगी।उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन रविवार तक पूर्ण कर लिया गया। जो उत्तर पुस्तिकाएं चेक हो जाती हैं उनमें से 15 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं का अंकेक्षण किया जाता है। जिसमें उत्तर पुस्तिकाओं का पुन: मूल्यांकन होता है और अंक स्लिप से नंबरों का मिलान किया जाता है। जिसमें एक विज्ञान और तीन हिंदी की उत्तर पुस्तिकाओं के अंकों में अंतर पाया गया। मामले में सीसी-25 फार्म भरकर बोर्ड को भेजा गया। बीएवी इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि केंद्र पर सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण होने के बाद अंक स्लिप व अन्य दस्तावेजों को बोर्ड को भेजा जा रहा है। चार उत्तर पुस्तिकाओं में लापरवाही पाए जाने पर सीसी-25 फार्म भरा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने बताया कि लापरवाही परीक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर पारिश्रमिक की कटौती की जाएगी।