मैनपुरी/करहल। इटावा-मैनपुरी बाईपास मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात किसी वाहन की टक्कर लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक के भतीजे की बरात जा रही थी, वह निकरौसी कराने के बाद काम से जा रहा था। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम इटावा में कराया गया।
थाना करहल क्षेत्र के मोहल्ला काजी निवासी सुरेश चंद्र वर्मा (39) के भतीजे की बरात बृहस्पतिवार को जा रही थी, खुशी का माहौल था और बरात जाने की सभी तैयारियां हो चुकीं थीं। इस बीच निकरौसी कराने के बाद सुरेश चंद्र बाइक लेकर किसी काम से जा रहे थे। बाइक जब इटावा-मैनपुरी बाईपास पर रामा डिग्री कॉलेज के पास पहुंची, तभी मार्ग से गुजर रहे किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, पुलिस व परिजन मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में कोहराम मच गया, आयोजन की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं।