कासगंज/सोरोंजी। गंगा दशहरा बृहस्पतिवार को है। बुधवार को तीर्थनगरी और विभिन्न गंगाघाटों पर दिनभर तैयारियां होती रहीं। तीर्थनगरी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। हरि की पौड़ी में भी सफाई की गई। प्रकाश व पथ व्यवस्था दुरुस्त की गई। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए मार्गों में जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं। वहीं, शाम से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया था। करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान था। गंगा दशहरा पर तीर्थनगरी सोरोंजी की हरि की पौड़ी, लहरा गंगाघाट, इस्माइलपुर, सहवाजपुर, कादरगंज एवं कछला गंगाघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर गंगास्नान कर पुण्यलाभ अर्जित करेंगे। गंगाघाटों पर एक लाख से अधिक श्रद्धालु के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भी सुरक्षा को लेकर समीक्षा की है। एसडीएम सदर संजीव कुमार, एसडीएम विनोद जोशी, सीओ आंचल चौहान ने तीर्थनगरी व लहरा गंगाघाट का निरीक्षण किया। गोताखोरों की व्यवस्था भी घाटों पर की गई है जिससे गंगास्नान के समय को हादसा न हो। श्रद्धालुओं के वाहनों से जाम न लगे इसके लिए मेला ग्राउंड में पार्किंग तैयार की गई है। हरि की पौड़ी के निकट फ्लड यूनिट को भी तैनात किया गया है। खोया पाया शिविर भी मेला ग्राउंड में लगाया गया है। गंगा दशहरा पर्व पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतें न हो इसके लिए जिला पुलिस ने रूट डायवर्ट किया है। गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन मुख्य मार्गों से ही निकलेंगे। श्रद्धालुओं के वाहनों के अलावा अन्य वाहन डायवर्ट रूट से निकाले जाएंगे। भारी वाहनों का संचालन स्थगित रहेगा। एटा रोड के ट्रैफिक को अमरपुर घाट से निकाला जाएगा। जबकि कैनाल रूट बाईपास के ट्रैफिक को सहावर नहर मार्ग से निकाला जाएगा। बदायूं की ओर से आने वाले ट्रैफिक को नगरिया दोपहिया रोड से निकाला जाएगा। संवाद