कासगंज/सोरोंजी/गंजडुंडवारा। मार्गशीर्ष अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। उन्होंने लहरा, कछला, कादरगंज एवं सोरोंजी के हरि की पौड़ी स्थित घाटों पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।सुबह सूर्योदय से पूर्व ही श्रद्धालु गंगा घाटों पर स्नान के लिए पहुंच गए। स्नान से पूर्व श्रद्धालुओं ने अपना मुंडन संस्कार कराकर तीर्थ पुरोहितों से अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान कराया। उन्हें दान-दक्षिणा भी दी। गंगा स्नान के बाद उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर पैरावनी की और दूध चढ़ाया। हरि की पौड़ी की परिक्रमा की और मार्ग में बैठे निर्धन व संन्यासियों को अन्न व वस्त्र आदि का दान किया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्राधीश वराह मंदिर में भगवान वराह को प्रसाद चढ़ाकर आरती उतार कर आशीष मांगा। इनके अलावा अन्य मंदिरों रघुनाथजी, द्वारिकाधीश, बालाजी, सोमेश्वर, सिद्ध विनायक, सिद्ध हनुमान, योगेश्वर, बटुकनाथ, पंचमहाशक्ति, 84 घंटे वाली मां, श्याम वराह, मानस मंदिर, गंगा माता, सीताराम जी मंदिर, भागीरथ गुफा आदि में भी देर शाम तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।