कासगंज। अलीगढ़ मंडल की अपर आयुक्त एवं जिले की नोडल अधिकारी डॉ. कंचन शरण ने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश को हर हाल में संरक्षित किया जाए। साथ ही गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाकर उनका संचालन सुनिश्चित करें। गोशाला एवं गो-आश्रय स्थल के केयर टेकर स्वयं वहां मौजूद रहें और गोवंश से जुड़ी समस्याओं का समाधान करें ।अपर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क एवं खेतों में विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को नजदीकी गोशालाओं में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने कहा कि संरक्षक गोवंश के लिए पर्याप्त भूसा और ठंड से बचाए जाने के भी पुख्ता इंतजाम करें। ठंड से किसी भी गोवंश की जान नहीं जानी चाहिए। समय-समय पर चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। पर्याप्त मात्रा में हरा चारा एवं भूसा स्टॉक में रखने के भी निर्देश दिए। सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरेे लगाने एवं केयर टेकर के रहने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंश खुले में नहीं घूमते मिले। यदि ऐसे मामले सामने आते हैं तो जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में कुल 18 अस्थायी एवं अन्य गो-आश्रय स्थल संचालित हैं। इनमें कुल 5820 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन, अपर जिलाधिकारी डा. वैभव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।