फिरोजाबाद। सुहागनरी के लोगों ने जिला की सीमा में महानगर बस सेवा संचालित करने की मांग की है। इस संबंध में एक ज्ञापन बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को दिया।
श्रीराम कॉलोनी संघर्ष समिति के तत्वावधान में नई आबादी क्षेत्र के लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल गत दिवस जिला मुख्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल की माने तो विभिन्न समस्याओं व जरूरतों के लिए लोगों को कई किलोमीटर की दौड़ लगाकर जिला मुख्यालय एवं नगर निगम क्षेत्र में आना पड़ता है। लोगों की सुविधा के लिए फिरोजाबाद से टूंडला, शिकोहाबाद, मक्खनपुर एवं दबरई के अलावा आसफाबाद से मटसेना एवं फतेहाबाद, जलेसर रोड से रिजावली, बछगांव के अलावा कोटला रोड पर कोटला एवं फरिहा एवं सांती रोड पर खैरगढ से हाथवंत तक महानगर बस सेवा का संचालन कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिव कुमार राठौर ने किया। सतीश चंद्र, सुभाष बाबू एवं किशोर चंद आदि शामिल रहे।