फिरोजाबाद। शिव बजरंग वाटिका वाली गली से थाना रसूलपुर सड़क के दोनों ओर कच्चे व उबड़-खाबड़ फुटपाथ को दुरुस्त कराने की मांग नगर आयुक्त से की गई है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार सड़क के सहारे फुटपाथ कच्चा व उबड़-खाबड़ होने और बारिश में नाला उफन जाने के कारण जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। कई बार राहगीर व वाहन चालक भी दुर्घटनाग्रस्त होकर चोटिल हो जाते हैं। समस्या के निदान के लिए नगर आयुक्त ने जल्द ही ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
थाना रसूलपुर क्षेत्रांर्गत वार्ड संख्या 14 के वाशिंदे शुक्रवार को नगर निगम पहुंचे। नगर आयुक्त घनश्याम मीणा से मिले क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक शिव बजरंग वाटिका वाली गली से रसूलपुर से लेकर थाना चौराहा तक मुख्य सड़क सहारे फुटपाथ काफी खराब व जीर्णक्षीर्ण स्थिति में है। हल्की बारिश में ही नाले-नालियां उफन जाने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। क्षेत्रीय लोगों ने वीडीयो दिखाकर नगर आयुक्त को स्थिति बताई। नगर आयुक्त ने इस मामले में जल्द ही कार्रवाई करने का भरोसा देकर क्षेत्रीय लोगों को वापस भेजा। मांग करने वालों में संजीव कुमार चक, सतीश कुमार, राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रजत कुमार एवं कमल सिंह रहे।