आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के केदार नगर में धर्मांतरण का पुलिस ने खुलासा किया था। मुख्य आरोपी राजकुमार लालवानी सहित आठ को जेल भेजा गया था। पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य ने मामले के वादी घनश्याम हेमलानी के साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की। पूर्व महापौर ने धर्मांतरण मामले की जांच एसटीएफ से कराने एवं साजिशकर्ता कंचन मित्तल पर कार्रवाई की मांग उठाई। यह भी कहा कि 80 परिवारों का धर्मांतरण कराया गया। इस पर डिप्टी सीएम ने प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ बुलाया है। मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण के पर्दाफाश पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार की पीठ थपथपाई थी। थाना शाहगंज पुलिस ने 8 लोगों को जेल भेजा था। बाद में पुलिस ने जांच और आरोपियों के बयान के आधार पर पंजाब निवासी कंचन मित्तल और महाराष्ट्र निवासी दिनेश चावला को आरोपी बनाया। वादी घनश्याम हेमलानी ने कहा कि मामले की जांच एसटीएफ से कराने की मांग उठाई गई है। इस तरह के मामले में सभी आरोपियों का पकड़ा जाना जरूरी है।