आगरा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आगरा की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का शानदार प्रदर्शन जारी है। आईसीसी की ओर से 20 अक्तूबर को जारी ताजा महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में दीप्ति गेंदबाजी में दुनिया की दूसरी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के स्थान पर कायम हैं। वहीं, बल्लेबाजी रैंकिंग में उन्होंने एक स्थान की छलांग लगाकर संयुक्त 37वां स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर भाई व कोच सुमित शर्मा ने कहा कि दीप्ति का लक्ष्य हमेशा टीम को जीत दिलाना होता है। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर ने उन्हें जिले का गौरव बताया।