सहावर में आक्रोश जता नारेबाजी करते बैनामा लेखक संघ के सदस्य ।
सहावर। निबंधन विभाग में निबंध मित्र भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसको लेकर बैनामा लेखक संघ ने इस पर आपत्ति जताई है। संघ के पदाधिकारियों ने इस पर आक्रोश जताते हुए सरकार से इस प्रस्ताव को तुरंत वापस लिए जाने की मांग की है। उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री योगी के नाम एसडीएम सहावर अंजलि गंगवार को दिया है। बैनामा लेखक संघ के अध्यक्ष शिव चरण वर्मा ने कहा कि रजिस्ट्रेशन अधिनियम 1908 की धारा 69 वर्ष 1977 में बनाई गई। नियमावली में धारा 3 के अंतर्गत दस्तावेज लेखकों की संख्या निर्धारित की गई थी। वर्तमान में भी लेखकों को पर्याप्त कार्य नहीं मिल रहा है। ऐसे में निबंध मित्रों की भर्ती से उनकी आजीविका पर बड़ा असर पड़ेगा। निबंध मित्रों की नियुक्ति से दस्तावेज लेखन का पेशा खत्म हो जाएगा। यह सरकार की ऐसी नीति है जो दस्तावेज लेखकों की रोजी-रोटी छीनने का प्रयास कर रही है। वहीं, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीएस राजपूत और सुबोध कुमार ने भी बैनामा संघ का समर्थन किया। बैनामा लेखकों ने मुख्यमंत्री से तत्काल इस प्रस्ताव को वापस लिए जाने की मांग की है।