ग्लास फैक्ट्री में करंट से मजदूर की मौत
परिजन ने शव का नहीं कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। ग्लास फैक्टरी में काम करने के दौरान मजदूर को करंट लग गया। इससे वह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। भाई व अन्य साथी उसे प्राइवेट ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
गांव राजा का ताल स्थित एक ग्लास फैक्टरी में थाना नारखी क्षेत्र के गांव मोहद्दीनपुर निवासी 26 वर्षीय तुलसी शर्मा अपने भाई देवेंद्र के साथ काम करता था। बृहस्पतिवार को दोनों भाई काम के लिए गए हुथे। बृहस्पतिवार दोपहर 3.30 बजे करीब काम करने के दौरान तुलसी को विद्युत करंट लग गया। इसके बाद देवेद्र और अन्य साथी प्राइवेट ट्रामा सेंटर ले गए। मौत की सूचना मिलने पर राजा का ताल चौकी इंचार्ज विपिन कुमार अस्पताल पहुंचे। परिजन ने पुलिस से मृतक के शव का पोस्टमार्टम न कराए जाने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि परिजन के अनुरोध पर मृतक का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। पंचनामा भरकर परिजनों को शव सौंप दिया गया है।