आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में 22 फरवरी को होने वाले राज्य स्तरीय खेल की मेजबानी के लिए तैयारियां हो गई हैं। यहां द्वितीय उत्तर प्रदेश राज्य बधिर बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस चैंपियनशिप कराई जाएगी। प्रदेश के बधिर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन और आगरा डेफ एसोसिएशन मिलकर करा रहे हैं। पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी विजय कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को बैडमिंटन और टेबल टेनिस कोर्ट पर विश्व के सामने लाया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के उद्घाटन और समापन समारोह में मुख्य अतिथि बीएसएनएल के जीएम श्याम सिंह होंगे। वह विजेता खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान करेंगे।