कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य के क्षेत्र रनैठी गांव में काम करने के दौरान मनरेगा मजदूर पर जानलेवा हमला किया गया। इस घटना के बाबत ग्राम प्रधान ने गांव के सात लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। रनैठी गांव में बीते 29 जून की सुबह मनरेगा द्वारा काम कराया जा रहा था। इस दौरान मनरेगा मजदूर सत्यपाल की किसी बात को लेकर गांव निवासी राजबहादुर, मंगली, संदीप, सचिन, सोनू, बिट्टू, प्रभात से कहासुनी हो गई। इस दौरान आरोपियों ने सत्यपाल पर हमला कर दिया। हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख सुनकर काम करने वाले अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। अन्य लोगों को आता देख आरोपी सत्यपाल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में सातों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।