कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव में दूध की डेयरी से लौट रहे युवक को घेरकर गांव के तीन आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। घटना के बाबत घायल युवक के भाई ने तीन लोगों को आरोपित करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशे दे रही है। घटना बीते 5 अगस्त की देर शाम की है, पीड़ित शिवराज के अनुसार वह गांव में स्थित पप्पू की डेयरी पर दूध देकर घर लौट रहा था। तभी गांव निवासी दिनेश, राजबहादुर और हरिओम ने रास्ते में उसे घेर लिया। इस दौरान आरोपी उसके संग गाली गलौज करने लगे। युवक ने जब उनका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके उपर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार सिर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की चीखपुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना के बाबत युवक के भाई कुंवरपाल सिंह ने गांव निवासी तीन लोगों को नामजद कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तार के प्रयास में जुटी है। थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरेापियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।