मैनपुरी। जनपद एटा में हुए सड़क हादसे में दो मासूम सहित चार लोगों की मौत हो गई। देर शाम एटा में पोस्टमार्टम पर हुई एक गलती से मृतक गुलशन और कुलदीप के शव बदल गए और अलग-अलग गांव में पहुंच गए। परिजन अंतिम संस्कार करने पहुंचे तब शव बदलने की जानकारी हुई। रात को ही कुलदीप का शव दिलीपपुर और गुलशन का शव ब्योंती कटरा लाया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह जनपद एटा में हुए हादसे में दन्नाहार के गांव दिलीपपुर निवासी कुलदीप कठेरिया, एलाऊ क्षेत्र के गांव ब्योंती कटरा निवासी 22 वर्षीय गुलशन सहित दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। एटा में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव आ गए। देर शाम अंतिम संस्कार की तैयारियां हुईं। इस बीच गुलशन के परिजन ने शव का चेहरा देखा तो होश उड़ गए। शव किसी और का था। पता चला की शव मृतक कुलदीप का है। ऐसा ही गांव दिलीपपुर में हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान पता चला की शव गुलशन का है। अंतिम संस्कार रोक दिया गया और कुलदीप का शव दिलीपपुर और गुलशन का ब्योंती कटरा लाया गया। शव की अदला बदली एटा में पोस्मार्टम ग्रह पर तैनात कर्मी की वजह से हुई।