कासगंज। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में तीन साल में सफल होने वाले परीक्षार्थियों का डाटा एनएसपी पोर्टल पर अपलोड होगा। इसके लिए पोर्टल खुल गया है। 31 अगस्त तक डाटा अपलोड किया जा सकेगा।शासन से शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाती है। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को 12 वीं तक पढ़ाई के लिए हर माह मिलेगी एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है। जिले से वर्ष 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 में सफल होने वाले परीक्षार्थियों का डाटा एनएसपी पोर्टल पर अपलोड होगा। डाटा अपलोड हो जाने के बाद छात्र अपना क्लेम कर सकेंगे। ऑनलाइन क्लेम होने के बाद जांच के उपरांत ऐसे छात्रों को छात्रवृत्ति जारी कर दी जाएगी। इसके लिए कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। पोर्टल पर 31 अगस्त तक डाटा अपलोड होगा। इसके बाद 15 सितंबर तक सत्यापन किया जाएगा। द्वितीय सत्यापन 30 सितंबर तक होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक पीके मौर्य ने बताया कि डाटा अपलोड करने के संबंध में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।