कासगंज। अवैध रिफलिंग कारोबार पर नकेल कसने के लिए सरकार ने अब आपूर्ति विभाग की मदद ली है। इस दौरान राशन की दुकानों पर अब पांच और दो किलो के सिलिंडर के कनेक्शन उपलब्ध होगे। कोटेदार अब अनाज के साथ साथ इन सिलिंडरों को बेचने का भी कार्य करेंगे। शुक्रवार को इस योजना का सोरों में शुभारंभ भी किया गया।
ठेले रेहड़ी पर खाद्य पदार्थो की बिक्री करने वाले विक्रेता अधिकतर पांच किलो का सिलिंडर का प्रयोग करते हैं। इन सिलिंडरों की रिफलिंग के नाम पर खेल होता है। ऊंची कीमतों पर इन सिलेंडरों में रिफलिंग की जाती है। रिफलिंग के दौरान हादसे का खतरा अलग से बना रहता है। इन समस्याओं को देखते हुए शासन ने अब राशन की दुकानों पर पांच और दो किलो के सिलिंडर की व्यवस्था की है। कोटेदार परिचय पत्र प्राप्त कर उपभोक्ताओं को इसका कनेक्शन उपलब्ध कराएंगे। कनेक्शन पाने वाले उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर देने पर भरा सिलिंडर दुकान से मिलेगा। एक कनेक्शन पर कोटेदार को 45 रुपये की आय भी होगी। सिलिंडर की आपूर्ति एचपी, इंडियन और भारत गैस की तरफ से की जाएगी। अब तक 17 दुकानों पर यह व्यवस्था शुरू हो चुकी है। शीघ्र ही सभी 591 दुकानों से ये सिलिंडर मिलने लगेंगे।
यह रहेगी कीमत
पांच किलो का सिलिंडर कनेक्शन 1509 रुपये में
गैस भरने की कीमत 586 रुपये
दो किलोग्राम का सिलेंडर कनेक्शन 964 रुपये
गैस भरने की कीमत 256 रुपये होगी
राशन की दुकानों से पांच और दो किलो के कनेक्शन देने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी दुकानों पर ये सिलिंडर उपलब्ध होंगे। -संजय कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी