आगरा में शाहगंज के रहने वाले एक एयरफोर्स कर्मी के खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। एयरफोर्स कर्मी के मोबाइल पर मैसेज आए, तब घटना की जानकारी हुई। उन्होंने साइबर सेल और थाना शाहगंज में शिकायत की। आशंका है कि यह रकम क्लोन एटीएम कार्ड से निकली है।
टाटा गेट के पास स्थित पृथ्वी नगर निवासी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनका खाता एक निजी बैंक की शाखा में है। 13 जून को उनके मोबाइल पर रात तकरीबन 9:43 बजे से 9:47 तक एक-एक मिनट के अंतराल पर पांच मैसेज आए। इनमें दस-दस हजार रुपये निकलने की जानकारी थी।
कुल 50 हजार रुपये निकाले गए थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए। जितेंद्र ने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल किया। अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करा दिया। शिकायत भी दर्ज कराई। उन्हें पता चला कि यह रकम सीता नगर, एत्माद्दौला स्थित एक एटीएम से निकाली गई है।
कोरोना को मात देकर लौटे डॉ. आरसी मिश्रा, बोले- मजाक समझने वाले देख लें अमेरिका-ब्राजील-इटली का हाल
जितेंद्र के पास अपना एटीएम कार्ड है। जितेंद्र ने अपने एटीएम कार्ड का नंबर किसी को भी नहीं बताया था। इससे आशंका है कि अपराधियों ने क्लोन एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया। जितेंद्र ने रविवार दोपहर में साइबर सेल में शिकायत की। बाद में थाना पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल जांच कर रही है।