मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव बम्होरी में बृहस्पतिवार देर शाम खेत पर गया किसान टूटकर गिरी बिजली की केबल में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। दरअसल, देर शाम बारिश के बीच पेड़ टूटने की वजह केबल टूट कर गिरी थी। शुक्रवार को पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया।
दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव बम्होरी निवासी किसान ब्रजनंदन सिंह राठौर (35) बृहस्पतिवार की शाम को खेत पर गए थे। तभी अचानक बारिश होने लगी, इस बीच एक पीपल का पेड़ टूट कर गिर गया, एक डाल में उलझ कर ऊपर से गुजर रही बिजली की केबल भी टूट कर गिर गई। पेड़ के पास खड़े ब्रजनंदन केबल में प्रवाहित करंट की चपेट में आकर वहीं गिर गए। बारिश बंद होने के बाद जब ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे तो ब्रजनंदन को गिरा देख परिजन को सूचना दी। कुछ ही देर में परिजन व थाना पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया। शुक्रवार को दन्नाहार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।