बाह: चंबल नदी में मगरमच्छ की हैचिंग शुरू
बाह। घड़ियालों के बाद बाह रेंज में मगरमच्छ की हैचिंग शुरू हो गई है। तीन दिन में अंडों से निकले 120 नन्हे मेहमान नदी में पहुंच गए हैं। अप्रैल-मई में घड़ियालों के साथ ही मगरमच्छों की नेस्टिंग हुई थी। जंगली जानवरों से अंडों की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने नेस्ट पर जाली लगाई थी। हैचिंग पीरियड शुरू होते ही जाली को हटा दिया गया था। हैचिंग में जन्मे मगरमच्छ शिशु बालू पर सरकते हुए चंबल नदी में पहुंचे। वन दरोगा राहुल जादौन, पंकज सिंह, राजेश कुमार, पुनीत कुमार, टिंकू नाविक ने मरगमच्छ शिशुओं को बालू से नदी तक पहुंचाया। रेंजर कुलदीप सहाय पंकज ने बताया कि चंबल नदी की बाह रेंज में तीन दिन से मगरमच्छ की हैचिंग हो रही है। नन्हे मेहमानों की निगरानी की जा रही है। हैचिंग से 1710 घड़ियाल शिशुओं का जन्म हुआ था। घड़ियाल के साथ ही मगरमच्छ शिशुओं के विचरण की वनकर्मी निगरानी रख रहे हैं।