फिरोजाबाद। शहर के प्रमुख रेस्टोरेंट सागर रत्ना के संचालक और युवा उद्योगपति संजीव गुप्ता शनिवार शाम साढे़ पांच बजे से गायब हैं। रात तक उनका सुराग नहीं लगने पर परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दी है।
शहर की पाश कालोनी आर्चिटग्रीन निवासी संजीव गुप्ता (42) पुत्र शांति स्वरूप गुप्ता दो कांच फैक्ट्रियों में भी साझीदार हैं। शहर के बडे़ बीसी (कमेटी) संचालकों में वह शामिल हैं। शनिवार शाम को पांच बजे वह रेस्टोरेंट सागर रत्ना में मौजूद थे। उस वक्त उनकी पत्नी सारिका गुप्ता से बात हुई थी। सारिका गुप्ता को उन्होंने बताया था कि वह अभी मीटिंग में व्यस्त हैं। साढे़ पांच बजे सारिका गुप्ता ने पुन: फोन किया तो फोन अटेंड नहीं हुआ। शाम पौने छह बजे फोन किया तो दोनों नंबर स्वीच आफ थे। लगातार फोन मिलाने पर भी जब संपर्क नहीं हुआ तक परिवार के लोगों को उन्होंने जानकारी दी। रात करीब नौ बजे तक संपर्क न होने पर उनके संपर्क के लोग आर्चिट ग्रीन पहुंच गए। तब पुलिस सूचना दी गई। टूंडला थाना प्रभारी सागर रत्ना पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे आदि खंगाले। सीसीटीवी कैमरे में शाम 5.50 बजे वह रेस्टोरेंट से बाहर अकेले कार से जाते हुए दिखाई दिए हैं। उनकी कार टूंडला की ओर जाती दिखाई दी है। थाना प्रभारी यहां से आर्चिट ग्रीन पहुंचे और परिवारीजनों से बातचीत की। पाश कालोनी के लोग अपहरण से इंकार नहीं कर रहे हैं। सारिका गुप्ता की तरफ से पुलिस को संजीव गुप्ता के लापता होने की तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि संजीव गुप्ता के लापता होने की तहरीर मिली है। वह जांच कर रहे हैं। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल गुप्ता, उद्योगपति प्रदीप गुप्ता, प्रदीप मित्तल पम्पी, महेंद्र बंसल, विवेक अग्रवाल, अमित गुप्ता, शिव मोहन श्रोतीय आदि रहे।