मथुरा में सोमवार की दोपहर को अपने बच्चे को दवा दिलाने जा रहे बाइक सवार दंपति पर बदमाशों ने गोली चला दी। बताते हैं कि हमलावरों ने बाइक चला रहे पति को अपना निशाना बनाया था, लेकिन निशाना चूकने से गोली बाइक के पीछे बच्चे को गोद में लिए बैठी उसकी पत्नी के पेट में जा लगी।
आनन-फानन में महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हमलावर बाइक से आए थे और घटना के बाद फरार हो गए।
मथुरा में थाना शेरगढ़ के गांव अगरयाला निवासी अजीत सिंह सोमवार की दोपहर अपनी पत्नी मधु के साथ बाइक पर अपने पांच साल के बेटे को लेकर दवाई दिलाने शेरगढ़ जा रहे थे। अभी दंपति घर से निकलकर पास में ही किशन सिंह की दुकान के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आए बाइक सवार दो युवकों ने अजीत सिंह को निशाना बनाकर गोली चला दी।
अजीत तो बच गया लेकिन गोली बाइक में पीछे बैठी उसकी पत्नी मधु के पेट में जा लगी। गोली लगते ही खून से लथपथ महिला बाइक से नीचे गिर गई। दिनदहाड़े गोली की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को नयति हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
हमलावर दोनों युवकों की तलाश की गई पर पुलिस के हत्थे कोई नहीं चढ़ा। थाना प्रभारी प्रवीन सिंह मान ने बताया कि अजीत सिंह की तहरीर पर गांव के राकेश एवं लोकेश के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, महिला की हालत गंभीर बताई जा रही।