फिरोजाबाद की थाना लाइनपार पुलिस ने लेबर कॉलोनी बेस्ट ग्लास कंपाउंड निवासी महिला की तहरीर पर शनिवार रात तीन तलाक का मुकदमा दर्ज करने के साथ पति की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ नहीं आ सका है। एसओ लाइनपार संजय सिंह ने कहा कि शीघ्र ही उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
थाना लाइनपार क्षेत्र के लेबर कॉलोनी बेस्ट ग्लास कंपाउंड निवासी नूरजहां ने थाना पुलिस को तहरीर दी थी कि उसका पति मुबारक हुसैन उर्फ कल्लन शराब के नशे में आकर घर में मारपीट करता है तथा दो अगस्त को रात करीब दस बजे बेस्ट ग्लास स्थित घर पर आया था। शराब के नशे में उसने तीन बार तलाक... तलाक... बोला था।
पीड़िता का आरोप है कि इसके साथ उसने घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर की जब थाना पुलिस ने जांच पड़ताल की इसके बाद पति के खिलाफ मारपीट करने, उत्पीड़न करने तथा मुस्लिम महिला (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स ऑन मैरिज) 2019-3/4 के तहत मामले को दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ पति की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका है। एसओ लाइनपार संजय सिंह ने बताया कि तीन तलाक देने वाले आरोपी मुबारक हुसैन उर्फ कल्लन की गिरफ्तारी के लिए उसकी रिश्तेदारी के साथ संभावित ही स्थानों पर टीम ने दबिश दी है। लेकिन अभी हाथ नहीं आया है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।