शाह मार्केट में मंगलवार रात करीब दस बजे नीले रंग की पोली कार बेकाबू हो गई। इसकी चपेट में वहां खड़ी बाइक आई। चश्मदीदों ने बताया कि कार बहुत तेज रफ्तार से थी। चालक ब्रेक भी नहीं लगा पा रहा था। कार के साथ बाइक 200 मीटर तक घिसटती चली गई। आगे सपा नेता सौरभ गुप्ता की स्विफ्ट कार को टक्कर मारी।
इसके बाद भी पोलो कार का ड्राइवर ब्रेक नहीं लगा पाया। इसके आगे दो और बाइक को टक्कर मार दी। वहां कोहराम मच गया। कार की चपेट में आकर सौरभ के भाई अंशुल और एक अन्य शिवराज घायल हो गए। इसके बाद कार चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी।
लोग कार की ओर भागे लेकिन वह हाथ नहीं आया और कार लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी तलाश की लेकिन पकड़ा नहीं जा सका। कार सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसकी मदद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। घायलों का पास के हॉस्पिटल में उपचार कराया गया है। बता दें, मंगलवार को शाह मार्केट बंद रहता है। अगर खुला होता तो कई लोग कार में चपेट में आ सकते थे।