नाई की मंडी गालिब पुरा में भूमिगत विद्युत केबल बिछाने गए टोरंट कर्मियों को विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय जनता की शिकायत पर पूर्व मंत्री चौधरी बशीर ने काम रुकवा दिया। सूचना पर सीओ कोतवाली राजेश कुमार द्विवेदी सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। टोरंट पावर ने पूर्व मंत्री के खिलाफ थाना नाई की मंडी में तहरीर दी है।
गौरतलब है कि टोरंट पावर शहर के अतिसंवेदनशील इलाके मंटोला और नाई की मंडी में भूमिगत विद्युत केबल बिछा रही है। टोरंट के पीआरओ का कहना है कि नाई की मंडी में केबल बिछाने से थाने में हुई बैठक में पूर्व क्षेत्रीय लोगों ने सहमति दी थी। इसके बाद ही चार दिन से क्षेत्र में काम चल रहा था। शुक्रवार को पूर्व मंत्री चौधरी बशीर समर्थकों के साथ आए और काम बंद कर दिया। शनिवार सुबह कर्मचारी पहुंचे तो चौधरी बशीर ने कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए काम बंद करा दिया। टोरंट पावर ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो सीओ कोतवाली राजेश कुमार द्विवेदी कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने चौधरी बशीर को समझाने की कोशिश की।
चौधरी बशीर का कहना था कि कंपनी मनमाने तरीके से काम कर रही है। गलियों की खोदाई की वजह से मकानों के धराशायी होेने का खतरा है। यह मलिन बस्ती है। टोरंट अधिकारी यह तक बताने को तैयार नहीं है कि मीटर कैसे लगेंगे, उनसे विद्युत टैरिफ क्या लिया जाएगा, पुराने बिलों का समाधान कैसे होगा। कंपनी लोगों की सहमति की बात कह रही हैं तो यह बताए कि क्षेत्र की जनता विरोध क्यों कर रही है। काफी हंगामे के बाद भी काम चालू नहीं होने पर टोरंट पावर ने बशीर और उनके समर्थकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
इनबाक्स...
राजनीति चमकाने को आ रहे बशीर
आगरा। कुछ लोगों का दावा है कि चौधरी बशीर चुनावों को नजदीक आते राजनीति चमकाने आ रहे हैं। अब तक मंटोला में लाइन डाली जा रही थी तब वे क्यों नहीं बोले। वहीं चौधरी बशीर का कहना है कि राजनीति चमकाना मकसद नहीं जनता उन्हें फोन कर बुला रही है तो वे जा रहे हैं।