आईपीएल के दौरान सटोरियों की धरपकड़ के लिए शहर में चलाए गए एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह के अभियान को एसओ न्यू आगरा थाना नितिन कसाना ने पलीता लगा दिया। एसएसपी के पास शिकायत पहुंची कि न्यू आगरा थाना पुलिस ने रविवार रात कमला नगर से बड़ा सटोरिया पकड़ने के बाद मोटे पैसे लेकर उसे थाने से ही छोड़ दिया। वो भी तब, जबकि सीओ हरीपर्वत ने उसे कोर्ट के सामने पेश करने के लिए कहा था। इसका पता चलने पर एसएसपी ने कसाना को लाइन हाजिर कर दिया है। उसके खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस खेल में थाने के और भी कर्मचारियों पर गाज गिरेगी।
रविवार को आईपीएल का फाइनल था। एसएसपी ने पहले ही पुलिस को अलर्ट किया था। इस मैच पर मोटे सट्टे का अनुमान था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रात में कमला नगर से न्यू आगरा थाना पुलिस ने कार में सट्टा खेलते दो भाई पकड़े। इनमें से एक पुराना सटोरिया है। पुलिस उसे थाना ले गई। उसके पास दो लाख रुपये मिले थे। इसकी सूचना मिलने पर सीओ हरीपर्वत अनुराग वत्स ने नितिन कसाना से कहा कि उसे सोमवार को कोर्ट के सामने पेश कर देना लेकिन पुलिस ने खेल कर दिया। दो लाख की जगह रिकवरी दिखाई 27 हजार। उसे थाने से ही छोड़ दिया। सुबह सीओ ने पूछा तो कसाना ने कहा कि सटोरिया थाने पर ही है, लेकिन तब तक एसएसपी के पास उसे छोड़े जाने की शिकायत पहुंच चुकी थी। सीओ ने इसकी जांच कराई तो शिकायत सही निकली। इसके बाद पुलिस ने 27 हजार की रकम बदलकर फर्द में 1.97 लाख की। उसे जुए में थाने से जमानत देना बताया। सीओ की रिपोर्ट पर एसएसपी ने कसाना पर कार्रवाई कर दी।
एक्सप्रेसवे पर वसूली, टीएसआई लाइन हाजिर
आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर वसूली करने पर टीएसआई को लाइन हाजिर कर दिया गया। रविवार को एक आईपीएस के रिश्तेदार कार से एक्सप्रेसवे होते हुए आगरा आ रहे थे। टोल प्लाजा पर तैनात टीएसआई ने ओवर स्पीड की बात कहते हुए उन्हें रोक लिया। इसके बाद दो हजार रुपये का चालान काटने की बात कही, लेकिन कार स्वामी को उक्त जुर्माने की राशि लिखी हुई रसीद नहीं दी। मामले की जानकारी आईपीएस ने एसएसपी को दी। एसएसपी ने बताया कि टीएसआई को लाइन हाजिर किया गया है।