सौ रुपये चढ़ावा न देने पर सपा नेत्री के ससुर पर बोला हमला
- फोटो : demo pic
एत्माद्दौला स्थित एक दरगाह के सज्जादानशी सलीम बाबा पर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप है। सौ रुपये चढ़ावा न देने पर सपा नेत्री के ससुर के साथ मारपीट की। इस दौरान महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। परिवारीजनों ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
एत्माद्दौला थाने के सामने गली में दरगाह है। गुरुवार दोपहर को दरगाह पर कोतवाली क्षेत्र की सपा नेत्री का परिवार आया था। आरोप है कि दर्शन करने के बाद जैसे ही परिवारीजन बाहर आए सज्जादानशी सलीम बाबा ने चढ़ावा मांगा। इस पर सपा नेत्री के ससुर ने दस रुपये दे दिए। इस पर बाबा भड़क गए। उन्होंने सौ रुपये की मांग की।
इस पर सपा नेत्री के ससुर ने रुपये उठा लिए और चढ़ावा देने से मना कर दिया। इस पर बाबा और उनके गार्ड ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। धक्के देकर दरगाह से बाहर फेंक दिया।
महिलाएं बचाने आईं तो उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की। उनके साथ छेड़खानी का भी आरोप है। इसकी जानकारी पर सपा नेत्री सहित अन्य महिलाएं थाने पर पहुंच गई। उन्होंने हंगामा काटना शुरू कर दिया। पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसओ ने बताया कि बाबा के खिलाफ छेड़छाड़, गालीगलौज और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।