फिरोजाबाद जनपद में सिरसागंज के गांव हैबतपुर से तीन किलोमीटर दूर पेगू रोड स्थित अध्यापक नगर में ट्यूशन पढ़ने आया कक्षा 11 का छात्र देर शाम तक घर नहीं लौटा। छात्र को मंगलवार रात में ही पुलिस ने कठफोरी क्षेत्र से बरामद किया है।
छात्र के अनुसार उसे इको कार सवार बदमाश अगवा कर ले गए थे, वह किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर भाग आया। परिजनों ने पुलिस को छात्र को अगवा करने और अगवा करने वाले बदमाशों द्वारा 20 लाख रुपए फिरौती मांगने की शिकायत की थी। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है।
सिरसागंज के ग्राम हैवतपुर में रहने वाले 11वीं के छात्र ऋषि पुत्र संजय जादौन मंगलवार को घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए दोपहर तीन बजे निकला था। जब देर शाम ट्यूशन के बाद घर नही पहुंचा तो घरवालों को उसकी चिंता हुई। पिता संजय के अनुसार आठ बजे छात्र के मोबाइल से ही 20 लाख की फिरौती का फोन आया तो घरवालों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने पहले तो छात्र को खोजने का प्रयास किया लेकिन जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस भी सक्र्तिय हो गयी।