नाई की मंडी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ने वाली छात्रा ने बुधवार को दो मनचले छात्रों को ऐसा सबक सिखाया कि भुलाए नहीं भूल पाएंगे। उसने पहले अपने पापा से दोनों को पकड़वाया। इसके बाद जब दोनों थाना रकाबगंज पहुंच गए, तो वहां पुलिस के सामने ही उन पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। पुलिस के रोके नहीं रुकी। एक केबाद एक तड़ातड़ थप्पड़ मारकर दोनों के गाल लाल कर दिए। बाद में महिला पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे रोका।
छात्रा रकाबगंज क्षेत्र की रहने वाली है। यहीं के कक्षा नौ और दस में पढ़ने वाले दो छात्र उसे 15 दिन से परेशान कर रहे थे। स्कूल जाते समय उसका पीछा करते थे। उससे रास्ते में कहते थे, हमसे दोस्ती कर ले, वरना अच्छा नहीं होगा। तीन दिन से तो स्कूल से घर आते हुए भी उससे छेड़छाड़ कर रहे थे। इस पर छात्रा ने अपने पापा को पूरी कहानी बता दी।
बुधवार को वह जैसे ही स्कूल से निकली, मनचले पहुंच गए। छात्रा के पिता ने लोगों की मदद से दोनों को पकड़ा और थाना रकाबगंज लेकर पहुंच गए । छात्रा भी आ गई। उसके सामने जैसे ही मनचले आए, उसने थप्पड़ों की बरसात कर दी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। शाम को छात्रों के परिवारीजन भी थाना पहुंच गए थे।