शाहगंज थाना क्षेत्र के दौरेठा गांव में आठवीं की छात्रा के अपहरण से सांप्रदायिक तनाव के हालात बन गए हैं। आरोप है कि पूजा ( परिर्वतित नाम ) का अपहरण शमीम ( परिवर्तित नाम) ने किया है। इसका पता चलने पर पूजा के परिवारीजनों ने उसके घर जाकर हंगामा किया। उधर मंगलवार सुबह हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राणा, पूर्व प्रांतीय प्रचार प्रमुख विवेक शुक्ला, उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा, महानगर अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह और बजरंग दल के प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, महानगर सत्संग प्रमुख विनोद शर्मा, रवि दुबे, विनोद शर्मा ने शाहगंज थाने पर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हिंदू जागरण मंच ने अपहृत की बरामदगी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया। तब पुलिस ने उसके भाई और पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि भाई ने पूछताछ में बताया है कि शमीम, पूजा को ले गया है। वे आगरा कैंट स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए। इस पर पुलिस स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। तनाव के चलते गांव में गश्त बढ़ा दी गई है।