डीएम ने दिए आदेश, रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एसएन मेडिकल कालेज में लापरवाही के चलते 18 साल के युवक की मौत को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी गौरव दयाल ने अपर जिलाधिकारी नगर धर्मेंद्र सिंह को जांच के आदेश दिए हैं। उनकी रिपोर्ट के बाद ही आरोपी चिकित्सक पर कार्रवाई तय होगी।
बता दें कि सात अक्तूबर को एसएन मेडिकल कालेज में संवेदनशीलता की सारी हदें पार हो गई थीं। खंदारी निवासी टीकम सिंह प्रजापति के 18 साल के बेटे मुकेश की एसएन मेडिकल कालेज में मौत हो गई थी। इसका जिम्मेदार उसने चिकित्सकों को बताया। सीनियर चिकित्सक ने अपने जूनियर को जो दिशा-निर्देश दिए, उसने सभी हिलाकर रख दिया है। टीकम के मोबाइल फोन में टेप सीनियर और जूनियर चिकित्सकों के बीच बातचीत की ऑडियो क्लीपिंग जिलाधिकारी के पास पहुंच गई है। इसके आधार पर उन्होंने एडीएम सिटी को जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी गौरव दयाल का कहना है कि मामला काफी गंभीर है। मगर, दोनों ही पक्षों के अपने-अपने तर्क हैं। इसलिए फिलहाल निर्णय लेना संभव नहीं है। एडीएम सिटी को इसकी जांच सौंपी गई है, उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।