खंदौली प्रतिनिधि के मुताबिक, पांडव नगर, शाहगंज निवासी
अरुण कुमार (45) मूल रूप से कन्नौज के गांव मलिकपुर के रहने वाले थे। वह
हाथरस कोतवाली की मुरसान चौकी पर तैनात थे। शनिवार रात को वह अपनी रिट्ज
कार से हाथरस से आगरा आ रहे थे। रात तकरीबन दो बजे उजरई गांव के पास आगरा
की ओर से आ रहे ट्रक से कार की टक्कर हो गई।। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि
कार ट्रक के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। चालक व क्लीनर भाग निकले।
राहगीरों की सूचना पर आई पुलिस ने दरोगा को बाहर निकालने की कोशिश की मगर
सफलता नहीं मिली। एक घंटे की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर
निकाला जा सका, लेकिन तब तक दरोगा की मौत हो चुकी थी। घरवालों ने बताया कि
उन्हें रविवार को आगरा से ट्रेन से इलाहाबाद हाईकोर्ट में किसी पेशी पर
जाना था। वह आगरा में भी कई थानों में तैनात रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी
गायत्री, दो बेटे अंकुर, शुभम व बेटी अमिता हैं।
हादसा-2
जीप की चपेट में आई बाइक, दो की मौत
एत्माद्दौला,
नरायच के गोकुल नगर निवासी रामप्रकाश (25), अपने पिता उदयवीर, सादाबाद
निवासी चाचा तपेश और एक अन्य रिश्तेदार के साथ रविवार सुबह राजाखेड़ा में
अपनी बहन के लिए लड़का देखने जा रहे थे। वे दो बाइकों पर थे। रामप्रकाश
पल्सर बाइक से चाचा तपेश के साथ आगे की ओर निकल गया। उदयवीर अपने रिश्तेदार
के साथ शमसाबाद में रुक गए। उदयवीर ने दोनों को शमसाबाद लौटने को कहा।
लौटते समय राजाखेड़ा रोड पर तिवरिया टूला के पास बाइक डग्गेमार जीप की चपेट
में आ गई। तपेश और रामप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। चालक जीप लेकर भाग
निकला। ग्रामीणों ने हंगामा किया।
हादसा-3
पेड़ से टकराई रोडवेज बस
इटावा-धौलपुर
रोड पर रविवार दोपहर तीन बजे राजस्थान रोडवेज की बस बेकाबू होकर बाह के
किंदरपुरा में पेड़ से जा टकराई। बस में 40 से अधिक सवारियां थीं। कई
यात्रियों ने खिड़की से कूदकर जान बचाई। पुलिस ने घायल हुईं इटावा की
रामबेटी, रेखा देवी, बन्नो देवी, मंसुखपुरा की रेशम देवी, रामप्रताप, जरार
की ममता, शीला, अरविंद, नरहोली के सुमित, यशोदा, भदरौली की सावित्री, मुकेश
समेत 15 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मिढ़ाकुर में
आगरा-जयपुर हाईवे पर महुअर गांव के पास सवारियों से भरा टेंपो पलट गया।
हादसे में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए।
हादसा-4
स्कार्पियो की चपेट में आए बाइक सवार की मौत
बरहन
में आगरा-जलेसर रोड पर आगरा की ओर जा रही स्कार्पियो की चपेट में आने से
बाइक सवार आंवलखेड़ा निवासी भूपेंद्र (30) पुत्र निरंजन सिंह की मौत हो गई।
उसके साथी अप्पू को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। घटना रविवार
शाम लगभग साढ़े सात बजे की है। दोनों खंदौली के गांव पैसई में हलवाई का काम
करने के बाद घर लौट रहे थे। स्कार्पियो सवार भाग गए।
हादसा-5
घायल युवक की मौत
एत्मादपुर
में नगला रामबख्श के पास शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में घायल इरादतनगर के
गांव शेरपुर निवासी आदम सिंह (30) की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
वह शुक्रवार को फीरोजाबाद रिश्तेदारी में जा रहे थे।
हादसे के बाद जाम लगाकर प्रदर्शन
ताजगंज
के खैराती टोला के जाहिद शनिवार रात खैराती टोला के गेट के पास सड़क पार
कर रहे थे। तभी बाइक की चपेट में आकर वह घायल हो गए। रविवार सुबह स्कूटर
सवार बिल्लोचपुरा के फतेह मोहम्मद कार की चपेट में आ गए। हादसे में वह घायल
हो गए। इससे गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया। उनका कहना था कि इस रोड पर
मोड़ है, इसके चलते आए दिन हादसे होते हैं। कई लोगों की मौत हो चुकी है।
काफी समय से यहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन
प्रशासन ध्यान नहीं देता है। जाम में पर्यटकों के वाहन फंस गए। हंगामा
बढ़ने पर सीओ सदर असीम चौधरी फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने ब्रेकर बनवाने
का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।