हैकर्स ने एक और शू एक्सपोर्ट फर्म को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। फर्म की ईमेल आईडी हैक करके फ्रांस की कंपनी से 76 लाख रुपये की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। इसका पता चलने पर फर्म मालिक के होश उड़ गए। उसने डीआईजी और एसएसपी से शिकायत की। मालिक ने थाना सिकंदरा में चार जनवरी को मुकदमा दर्ज कराया। इसकी जांच साइबर सेल कर रही है।
जयपुर हाउस निवासी कलीम अहमद की साइट सी इंडस्ट्रियल एरिया (सिकंदरा) में जेएम फुटवियर इंपेक्स फर्म है। उनकी फर्म जूते बनाकर निर्यात करती है। हाल ही में फर्म ने फ्रांस की कंपनी को निर्यात किया है। फर्म के भारत के एजेंट के माध्यम से पता चला कि कोई अन्य व्यक्ति उनको भुगतान करने के लिए बार-बार ईमेल कर रहा है। कंपनी की जांच में सामने आया कि फर्म की ईमेल आईडी को हैक करके फ्रांस की कंपनी को मेल भेजा गया। इसमें लिखा था कि कंपनी ने अपना खाता बदल लिया है। अब भुगतान हंगरी शहर की एक बैंक में किया जाए। इस पर फ्रांस की कंपनी से तकरीबन 100635.98 यूरो (तकरीबन 76 लाख) खाते में ट्रांसफर करा लिए गए।
चीनी हैकर्स ने भी कराए थे एक करोड़ रुपये ट्रांसफर
सिकंदरा की शू एक्सपोर्ट फर्म को चीनी हैकर्स ने एक करोड़ रुपये का चूना लगा दिया था। चीन की कंपनी की आईडी हैक करके शू एक्सपोर्ट फर्म को ईमेल भेजा। शू मैटेरियल मंगाने के लिए अपने खाते में आनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली थी। मैटेरियल नहीं आने पर जब फर्म ने पता किया तो धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इसकी भी जांच साइबर क्राइम सेल कर रही है।
एटीएम कार्ड की जानकारी लेकर आनलाइन शॉपिंग
आगरा। सुलहकुल नगर निवासी जगदीश का प्रताप नगर में जनरल स्टोर है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी महक और भाभी पूजा लालवानी का बैंक खाता मारुति एस्टेट स्थित बैंक आफ इंडिया की शाखा में है। नौ फरवरी की शाम चार बजे पूजा के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की और खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए कहा कि आपका एटीएम कार्ड बंद हो गया है। कार्ड का नंबर दे देंगे तो चालू कर दिया जाएगा। पूजा ने कार्ड पर लिखा नंबर और पिन नंबर बता दिया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने गारंटर के रूप में एक और कार्ड की जानकारी मांगी। पूजा ने महक के कार्ड की जानकारी दे दी। दूसरे दिन जब जगदीश एटीएम से रकम निकालने गया तो खाते में बैलेंस नहीं था। बैंक से पता करने पर पता चला कि महक के खाते से 25 हजार रुपये मोबाइल बिल भरा गया है, जबकि पूजा के खाते से 15 निकाल लिए गए। थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं दिगनेर, ताजगंज निवासी पवन का खाता दिगनेर स्थित केनरा बैंक की शाखा में है। 12 फरवरी को उसके मोबाइल पर फोन करके इसी तरह कार्ड की जानकारी लेकर 16000 रुपये की आनलाइन शॉपिंग कर ली गई।