भगवान टाकीज पर शनिवार शाम को रास्ता पूछने के बहाने युवकों ने एक महिला को झांसे में ले लिया। इसके बाद उसके गहने उतरवा लिए। महिला को सौ का एक नोट लगी कागज की गड्डी थमा दी। महिला को शक हो गया। उसने पीछा करके एक युवक को पकड़ लिया। शोर सुनकर लोग जुट गए। इसके बाद दूसरे युवक को भी पकड़ लिया।
नगला लालदास, अछनेरा निवासी मुन्नी देवी पत्नी राजेंद्र कुशवाहा शनिवार शाम तकरीबन 5:30 बजे भगवान टाकीज आई थी। यहां से पैदल सुल्तानगंज पुलिया जा रही थीं। रास्ते में उन्हें दो युवक मिले। युवक उनसे रास्ता पूछने लगे। एक युवक ने कहा कि तुमने जो गहने पहन रखे हैं, वह काफी पुराने हैं। उन्हें बदलवा लो। इसके लिए वह उसे 100 के नोट गड्डी देंगे। मुन्नी को एक कपड़े में बांधकर वो गड्डी थमा दी। इसके बाद उसकी पाजेव, चांदी की चेन और सोने के कुंडल उतार लिए। युवक गहने लेकर जाने लगे। मुन्नी देवी को उन पर शक हो गया। वह उनके पीछे दौड़ पड़ी। पीछा करके एक को पकड़ लिया। शोरशराबा पर लोगों की भीड़ जुट गई। चौराहे पर मौजूद थाना न्यू आगरा पुलिस ने पीछा करके दूसरे बदमाश को भी पकड़ लिया। इसके बाद उनसे सामान बरामद कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अभियुक्तों ने कपड़े में जो गड्डी रखी थी उसमें एक नोट सौ का है। बाकी कागज लगे हुए हैं। गैंग ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली और बुजुर्ग महिलाओं को शिकार बनाता है। आरोपियों में आस मोहम्मद निवासी और मोहम्मद सईद निवासी कमाल खां, शाहगंज हैं। सरगना आस मोहम्मद है। वह अब तक कई महिलाओं को इसी तरह कागज की गड्डी दिखाकर गहने लूट चुके हैं।