घटना के बाद घर में एकत्र महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में बदमाश बेखौफ होकर लूट और डकैती जैसी वारदात कर रहे हैं। जिले में 24 घंटे के अंदर डकैती की दो वारदात को अंजाम दिया गया है। फतेहपुर सीकरी के बाद बदमाशों ने एत्माद्दौला क्षेत्र स्थित एक मकान में डाका डाला। तमंचे के बल पर परिवार के लोगों को बंधक बना बदमाश नकदी और लाखों रुपये के जेवरात लूट ले गए।
घटना एत्माद्दौला के सांता कुंज कॉलोनी नगला रामबल की है। रविवार की रात 7-8 बदमाशों ने हथियारों के बल पर अर्पण पुत्र संतोष कुमार शर्मा के घर में डाका डाला। बताया जाता है कि बदमाश सीढ़ी लगाकर मकान की दूसरी मंजिल से घर में घुसे। इसके बाद अपर्ण, पत्नी पूनम और बेटे को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया।
बदमाश सोने की चेन, चार सोने की चूड़ी, मंगलसूत्र, अंगूठियां, एक किलो चांदी और 80 हजार की लूट ले गए। मकान में नीचे रह रहे किरायेदार रवि अग्रवाल के कमरे में बदमाशों ने लूटपाट की। यहां से बदमाश करीब चार तोला सोना, 500 ग्राम चांदी और 20 हजार कैश लूट लिया। वारदात के दौरान बदमाशों ने सभी के मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।
सूचना पाकर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। घटना के संबंध में पीड़ित लोगों से जानकारी ली। बदमाशों की उम्र करीब 20 से 25 साल बताई गई है। बता दें कि इससे पहले शनिवार की रात फतेहपुर सीकरी में बदमाशों ने तेल व्यवसायी की हत्या कर घर में डाका डाला। 24 घंटे के अंदर डकैती की एक और वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।