प्रधानी चुनाव ने गांवों में दुश्मनी के बीज बो दिए हैं। प्रत्याशी ही नहीं, उनके समर्थक ों मेंभी रंजिश की आग सुलग रही है। जनपद के 45 गांवों में खून-खराबे का खतरा है। खुफिया पुलिस से मिली इस जानकारी के बाद अधिकारी अलर्ट हो गए हैं। इन गांवों में आरएएफ से फ्लैग मार्च कराया जा रहा है। पीएसी भी तैनात की जा रही है। उम्मीदवारों को मीटिंग करके हिदायत दी जा रही है कि झगड़ा होने की सूरत में उन्हें भी जेल की हवा खानी पड़ेगी। जनपद में 15 ब्लॉक हैं। फिलहाल प्रत्येक ब्लॉक के तीन तीन गांवपर फोकस किया जा रहा है। हालांकि इनके अलावा अन्य गांवों में भी एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा जोर उन गांवों में सुरक्षा बंदोबस्त करने का है जहां मतदान और मतगणना के दौरान बवाल हुआ था। थानों पर उम्मीदवारों की मीटिंग कर उन्हें हिदायत दी जा रही है कि अगर झगड़ा हुआ तो बहुत भारी पड़ेगा।
इन गांवों में हुआ था बवाल
- प्रथम चरण में शमसाबाद के एदमादपुर अजनेरा गांव में मतदान वाली रात प्रधान प्रत्याशी अवधेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
- दूसरे चरण में सैंया के गांव जाजऊ का मजरा टोडूपुरा में मतदान के तुरंत बाद नरेश कुशवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
- तीसरे चरण में फतेहपुर सीकरी के गांव मंडी गुड़ में फर्जी मतदान के विवाद में प्रधान प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर बवाल किया था।
- चौथे चरण में बूथ पर कब्जे के विवाद में बाह के चमरौआ गांव में पथराव और फायरिंग के दौरान एक पुलिस कर्मी घायल हुआ था।
- इसके अलावा चौसिंगी गांव में दलित को वोट न डालने देने के विवाद में पथराव, फरैरा और स्याइच गांव में भी फर्जी मतदान के विवाद में पथराव हुआ था।
-- इससे पहले जिला पंचायत के चुनाव के दौरान जैतपुर के गांव मुकुटपुरा में जमकर पथराव और फायरिंग हुई थी। इस दौरान मतदान कार्मिक भी घायल हुए थे।
- मतगणना के बाद सोमवार को खंदौली के ग्राम नेकपुर में विजयी प्रत्याशी सुनीता देवी के समर्थकों ने हारे प्रत्याशी अनीता देवी के समर्थकों में पथराव और फायरिंग हुई।
- बाह के चौरंगाबीहड़ में प्रत्याशी की हार पर कमेंट करने के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
कड़ी कार्रवाई करेगी पुलिस: एसएसपी
एसएसपी डा. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। अगर कहीं झगड़ा होता है तो समर्थकों के साथ प्रत्याशी पर भी केस दर्ज किया जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी से कड़ी और जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी।