आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में दसवीं की छात्रा संजलि की पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या करने के दोनों आरोपियों पर पुलिस ने रासुका लगाने की तैयारी कर ली है। इसकी फाइल तैयार कर प्रशासन को भेज दी गई है। इससे आरोपी अब जल्द जमानत नहीं ले सकेंगे।
मलपुरा के गांव लालऊ की रहने वाली संजलि (15) पुत्री हरेंद्र सिंह घर से डेढ़ किलोमीटर दूर गांव नौमील स्थित अशरफी देवी छिद्दा सिंह इंटर कालेज में दसवीं की छात्रा थी। 18 दिसंबर 2018 को वह स्कूल से साइकिल पर लौट रही थी।
लालऊ गांव के पास बाइक पर आए दो लोगों ने उस पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगा दी थी। संजलि की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके कुछ देर बाद ही संजलि के ताऊ के बेटे योगेश ने जहर खाकर जान दे दी थी।
चचेरे भाई ने जलाया था जिंदा
पुलिस ने एक सप्ताह बाद हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस ने बताया था कि हत्याकांड को योगेश ने अंजाम दिया। इसमें उसके दो रिश्तेदार शामिल थे। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से पुलिस को सुराग मिला था।
आरोपियों में योगेश के मामा का बेटा विजय पुत्र राजकुमार निवासी कलवारी, जगदीशपुरा और दूसरा विजय की बहन का देवर आकाश पुत्र विज्जो निवासी मनिया, मलपुरा थे। दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
इस घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया था। इस पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की बात कही थी। अब पुलिस ने दोनों आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए फाइल तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी गई। इसके बाद आरोपी जमानत पर जल्द जेल से बाहर नहीं आ सकेंगे।
गांव में कई दिन हुआ था प्रदर्शन
संजलि की हत्या के बाद कई संगठनों ने प्रदर्शन किया था। खुलासे की मांग की थी। पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद पुलिस ने घटना का खुलासा किया था।