थाना सदर में हुए बवाल के आरोपियों को बुधवार दोपहर को री मेडिकल के लिए एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी लाया गया। आरोपियों ने मीडिया के सामने बताया कि उनको पुलिस ने बर्बरता पूर्वक पीटा। इतना ही नहीं जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद दो थानों में पिटाई लगाई।
हिंंदू युवा वाहिनी के रंजीत ठाकुर का कहना था कि पुलिस ने पहले उनका मेडिकल कराया। इसके बाद थाना छत्ता ले गई। यहां उनकी जमकर पिटाई लगाई गई। उनसे गालीगलौज भी की। इसके बाद थाना एत्माद्दौला लेकर गए। यहां पर भी पुलिस कर्मियों ने बर्बरता पूर्वक पीटा। उनके अलावा ओमी टीकरी और दीपक पुंढीर भी मेडिकल के लिए लाए गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि सभी आरोपियों को पुलिस वाले पीटते रहे। उनके कई जगह पर चोट आई हैं। उनका उपचार तक नहीं कराया गया। अब वह मामले की शिकायत करेंगे।
मथुरा की क्राइम ब्रांच करेगी अगरा बवाल की जांच
मथुरा। आगरा बवाल की जांच मथुरा की क्राइम ब्रांच करेगी। एसएसपी ने इस संबंध में क्राइम ब्रांच के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। पंद्रह दिन के भीतर जांच पूरी की जानी है।
फतेहपुर सीकरी और सदर बाजार थाना में पुलिस और हिंदू संगठनों के बीच हुए बवाल की जांच शुरू हो गई है। आईजी सुजीत पांडेय ने मथुरा पुलिस को जांच करने के लिए कहा था। एसएसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। क्राइम ब्रांच को आदेश कर दिया गया है। पंद्रह दिन के भीतर जांच पूरी की जाएगी। हिंदू संगठन और पुलिस दोनों के ही बयान दर्ज किए जाएंगे। जो लोग जेल में बंद हैं उनके भी बयान लिए जाने हैं।
माना जा रहा है कि गुरुवार को क्राइम ब्रांच के लोग आगरा जाकर जांच शुरू कर देंगे। फिलहाल क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर ने आगरा में इस बवाल के संबंध में दर्ज मुकदमे से संबंधित दस्तावेज मांग लिए हैं। जो संगठन पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं उनसे भी बात की जाएगी। उन सभी का पक्ष भी जाना जाएगा। बताया जा रहा है कि दस बिंदुओं पर पूरी जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है।