सरकारी अस्पताल की नर्स और उसके पति पर भी नौकरी के नाम पर दर्जनों लोगों से लाखों रुपये ठगने का आरोप है। मामले में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी, लेकिन पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी। पीड़ित ने पुलिस कप्तान से गुहार लगाई है।
तेजपाल सिंह निवासी मालगोदाम रोड ने 5 मार्च 2017 को थाना कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें सिविल लाइन थाना सदर बाजार निवासी डॉ.रामकुमार शर्मा और सरकारी अस्पताल की नर्स और उनकी पत्नी मीना देवी पर नौकरी के नाम पर 2.50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाए गए थे।
मामले में कोतवाली प्रभारी डीएन मिश्रा ने बताया कि साक्ष्यों के अभाव में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगा दी। पीड़ित ने अब पुलिस कप्तान से गुहार लगाई है। पीड़ित की मानें तो नर्स और उनके पति ने करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की है। मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी अवगत कराया जाएगा।
बता दें कि मथुरा के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने के नाम पर एक बड़ा कॉकस हावी है। इस कॉकस में स्वास्थ्य विभाग के अफसर, कर्मचारी तक शामिल हैं। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच हुई तो सीएमओ कार्यालय के अफसर, कर्मचारियों के चेहरे से नकाब उतर सकते हैं।